मथुरा। भारतीय जनता पार्टी की जिला एवं महानगर इकाई द्वारा शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मथुरा प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए इसे विश्वास, विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम कालखंड बताया।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। सरकार ने 100 प्रतिशत सैचुरेशन के लक्ष्य के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया है।
संदीप सिंह ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) और आधार आधारित सत्यापन व्यवस्था के माध्यम से करोड़ों रुपये की बचत हुई है तथा वास्तविक लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाई गई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, जनधन योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, विश्वकर्मा योजना तथा लखपति दीदी जैसी योजनाओं ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है।


उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के माध्यम से भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल हुआ है। भारतनेट परियोजना ने ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल क्रांति से जोड़ने का कार्य किया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना, स्वच्छता, पेयजल और ऊर्जा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।
मंत्री ने कहा कि आज भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव के नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल विकास की कहानी नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, राष्ट्रहित के संकल्प और सांस्कृतिक गौरव के पुनर्जागरण की यात्रा हैं। आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।


इस अवसर पर राज्यसभा सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, विधायक राजेश चौधरी, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय, महानगर अध्यक्ष राजू यादव, जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी, आकाश चौधरी, अनिल चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी, सुरेश तरकर, रामकिशन पाठक, संजय शर्मा, मलय राठौर, पूजा चौधरी, कल्पना गर्ग, दीपक गोला, अंकुर, हेमंत खंदौली, के.के. गौतम, श्याम शर्मा, अंकुर गुर्जर, आशीष शर्मा, सर्वेश चतुर्वेदी, नितिन चतुर्वेदी, राकेश तोमर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: राहुल शर्मा
चैनल हेड, गुजरात प्रवासी न्यूज़, अहमदाबाद