हरिद्वार (उत्तराखंड), संवाददाता। उत्तराखंड में रग्बी खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन द्वारा 6वीं जूनियर स्टेट रग्बी चैंपियनशिप-2026 का सफल आयोजन रोशनाबाद स्टेडियम, हरिद्वार में किया गया। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 10 जिलों की टीमों तथा बालिका वर्ग की 8 जिलों की टीमों ने भाग लिया। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का परिचय दिया। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिद्वार शबाली गुरूंग एवं उप जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिद्वार प्रदीप कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अतिथियों का स्वागत उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य शिक्षक एवं कोच संदीप सैनी, निशु कुमार तथा दीपक सैनी भी मौजूद रहे।
बालिका वर्ग में पौड़ी गढ़वाल का शानदार प्रदर्शन
बालिका वर्ग के मुकाबलों में पौड़ी गढ़वाल की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्तरकाशी की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि टिहरी गढ़वाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
बालक वर्ग में हरिद्वार बना चैंपियन
बालक वर्ग में मेजबान हरिद्वार की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। चमोली की टीम उपविजेता रही, जबकि उत्तरकाशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तराखंड सरकार के पूर्व राज्य मंत्री करण बोरा, फोनिक्स कॉलेज के चेयरमैन एवं भाजपा नेता चरब जैन, डॉ. सोमदत्त सैनी, उत्तराखंड शूटिंग बॉल एसोसिएशन के प्रदेश सचिव सूरज रोड़ तथा स्वामी विवेकानंद हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संजय शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मैडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा राज्य में रग्बी खेल के विकास के लिए ऐसे आयोजनों का निरंतर होना आवश्यक है।
आयोजकों ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह एवं फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह ने सभी अतिथियों, कोचों, खिलाड़ियों, रेफरी, वॉलंटियर्स एवं सहयोगकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो पाया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं राज्य के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगी तथा उत्तराखंड में रग्बी खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
रिपोर्ट : डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी
सह संपादक, गुजरात प्रवासी न्यूज़, हरिद्वार







