HomeSIRकलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने किया एसआईआर कार्य का निरीक्षण

कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने किया एसआईआर कार्य का निरीक्षण

निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण में तेजी लाने हेतु बीएलओ व सुपरवाइजर्स को दैनिक समीक्षा व मतदाताओं की पूर्ण सहायता के निर्देश

गुजरात प्रवासी न्यूज, अहमदाबाद

टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश)।
निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की गति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विवेक श्रोत्रिय द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि ईआरओ स्वयं क्षेत्र में जाकर निरीक्षण करें, मतदाताओं से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करें और पुनरीक्षणकार्य की वास्तविक प्रगति का अवलोकन करें।

निर्देशों के अनुसार, ईआरओ को प्रत्येक बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स के कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि मतदाता सूची अद्यतन करने का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण हो सके। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में आज कलेक्टर के निर्देशों का पालन करते हुए अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जाकर SIR कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई और बीएलओ को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देशित किया कि घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना पत्रक (Form–1) भरने में पूर्ण सहायता प्रदान करें, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत संवेदनशील और प्राथमिकता वाले होते हैं, इसलिए विभागीय कर्मचारियों द्वारा जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

रिपोर्ट – पंकज कुमार गुप्ता
जिला – जालौन, उरई (उत्तर प्रदेश)
चैनल – गुजरात प्रवासी न्यूज, अहमदाबाद

RELATED ARTICLES

Most Popular