रिपोर्ट – राहुल शर्मा, गुजरात प्रवासी न्यूज़
मथुरा। आगामी 16 नवंबर 2025 को थाना जैंत क्षेत्र के चारधाम मंदिर परिसर में आयोजित होने वाली सनातन एकता जनसभा को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में आज 15 नवंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा, पुलिस अधीक्षक नगर तथा पुलिस अधीक्षक यातायात ने भारी पुलिस बल के साथ जनसभा स्थल और आस-पास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले सभी मार्गों, पार्किंग स्थल, भीड़ प्रबंधन व्यवस्था, सुरक्षा तैनाती बिंदुओं और प्रवेश द्वारों का फुट पेट्रोलिंग करते हुए गहन अध्ययन किया। अधिकारियों ने बताया कि जनसभा के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात मार्गों में आवश्यक बदलाव, बैरिकेडिंग एवं वैकल्पिक रूट भी निर्धारित किए जा रहे हैं।
एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए तथा भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन सर्विलांस और सीसीटीवी मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक यातायात ने पूरे रूट की जांच कर वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए टीमों को दिशा-निर्देश प्रदान किए। वहीं पुलिस अधीक्षक नगर ने स्थानीय अधिकारियों के साथ जनसभा स्थल के अंदरूनी हिस्सों का निरीक्षण कर सुरक्षा बिंदुओं की समीक्षा की।
पुलिस प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि वे सहयोग करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रशासन का दावा है कि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थित और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
www.gujaratpravasi.com/www.gujaratpravasi.news