मथुरा।
मथुरा जनपद के थाना राया पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए 1 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना राया पुलिस ने दिनांक 11 अप्रैल 2026 को रात्रि लगभग 8:30 बजे नीमगांव रोड स्थित आयराखेड़ा क्षेत्र में बंबा के पास छापेमारी की। इस दौरान श्याम पुत्र मिश्री लाल, निवासी आयराखेड़ा, थाना राया, जिला मथुरा को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के कब्जे से 1 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इस संबंध में थाना राया में मु0अ0सं0 0125/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
गौरतलब है कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी काफी गंभीर रहा है। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण एवं आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक गतिविधियों की पुष्टि होती है।
यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
रिपोर्ट/चैनल हेड: राहुल शर्मा
मथुरा, उत्तर प्रदेश
गुजरात प्रवासी न्यूज़
🌐 www.gujaratpravasi.com