Home प्रदेश हेलीकॉप्टर से हुई दुल्हन की विदाई, गांव तेहरा में उमड़ा जनसैलाब

हेलीकॉप्टर से हुई दुल्हन की विदाई, गांव तेहरा में उमड़ा जनसैलाब

0
हेलीकॉप्टर से हुई दुल्हन की विदाई, गांव तेहरा में उमड़ा जनसैलाब

सुरीर। कोतवाली क्षेत्र के गांव तेहरा में बुधवार को उस समय विशेष उत्साह का माहौल बन गया, जब दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर के माध्यम से कराई गई। इस अनोखे नजारे को देखने के लिए गांव ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में मेले जैसा दृश्य देखने को मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाकुर हरी सिंह निवासी गांव तेहरा, मांट ने अपनी पुत्री गायत्री उर्फ गुड़िया का विवाह विक्रम सिंह पुत्र कैलाश सिंह राणा निवासी नगला खिरनी, परसारा (जनपद हाथरस) के साथ तय किया था। मंगलवार 10 फरवरी को बारात गांव तेहरा पहुंची, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारातियों का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद विवाह समारोह संपन्न हुआ तथा देर रात तक मांगलिक कार्यक्रम चलते रहे।

बुधवार दोपहर दुल्हन की विदाई के लिए हेलीकॉप्टर गांव तेहरा पहुंचा। हेलीकॉप्टर के उतरते ही ग्रामीणों में उत्सुकता बढ़ गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। लोग अपने मोबाइल कैमरों में इस दुर्लभ पल को कैद करते नजर आए। जैसे ही दूल्हा विक्रम सिंह और दुल्हन गायत्री उर्फ गुड़िया हेलीकॉप्टर में सवार होकर विदा हुए, उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ नवदंपती को शुभकामनाएं दीं।

हेलीकॉप्टर के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहले से मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव तेहरा में यह पहली बार हुआ है जब किसी दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई। यह आयोजन क्षेत्र में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा।

रिपोर्ट: मुकेश सैनी
ब्यूरो चीफ — गुजरात प्रवासी न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here