गुजरात प्रवासी न्यूज़।
लखनऊ। गायत्री ज्ञान मंदिर इंदिरा नगर, लखनऊ के विचार क्रांति ज्ञान यज्ञ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को “आर्यकुल पत्रकारिता एवं जनसंचार कॉलेज, बिजनौर, सरोजिनी नगर” के केन्द्रीय पुस्तकालय में 452वाँ युगऋषि वाङ्मयस्थापना समारोह सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में श्री एस.पी. शर्मा व श्रीमती दीपा शर्मा ने अपने पुत्र अमर शहीद मेजर रितेश शर्मा की स्मृति में युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सम्पूर्ण 79 खंडों का वाङ्मय साहित्य भेंट किया। साथ ही उपस्थित वरिष्ठ चिकित्सकों को अखण्ड ज्योति (हिंदी) पत्रिका भी वितरित की गई।

वाङ्मय स्थापना अभियान के मुख्य संयोजक उमानंद शर्मा ने इस अवसर पर कहा — “शहीदों की स्मृति में ज्ञानदान उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।” उन्होंने अमर शहीद मेजर रितेश शर्मा की वीरगाथा भी सुनाई।
इस अवसर पर संस्थान की डीन श्रीमती रुचि सिंह, आर्य टीवी व आर्य प्रवाह पत्र के हेड डॉ. अजय शुक्ला तथा संस्थान की उपनिदेशक डॉ. अंकिता अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. अंकिता अग्रवाल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में गायत्री ज्ञान मंदिर के प्रतिनिधि उमानंद शर्मा, देवेन्द्र सिंह, वी.के. श्रीवास्तव, तथा संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. सशक्त सिंह, रजिस्ट्रार सुदेश तिवारी, सहित संकाय सदस्य व छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।