जबलपुर, मध्य प्रदेश
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को जबलपुर पहुंचे। उनके आगमन पर डुमना एयरपोर्ट पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने औपचारिक रूप से स्वागत किया।
जैसे ही मुख्यमंत्री का विमान डुमना एयरपोर्ट पर उतरा, संभागायुक्त धनंजय सिंह, पुलिस महानिरीक्षक (IG) प्रमोद वर्मा, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, एवं नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां से सीधे जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए, जहां भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और योगदान को प्रदर्शित करने वाली विभिन्न गतिविधियाँ शामिल हैं।
सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस को विशेष रूप से मनाया जा रहा है, जिसके तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, जनकल्याण योजनाओं का वितरण और जनजातीय समाज के हित में नई घोषणाओं की संभावना भी जताई जा रही है।
रिपोर्ट – पंकज कुमार गुप्ता
जिला – जालौन, उरई (उत्तर प्रदेश)
चैनल – गुजरात प्रवासी न्यूज़, अहमदाबाद








