Homeग्राहक पंचायत गुजरात प्रवासी न्यूज़ अलीगढ़अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ब्रज प्रांत का प्रांतीय अभ्यास वर्ग अलीगढ़ में...

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ब्रज प्रांत का प्रांतीय अभ्यास वर्ग अलीगढ़ में संपन्न

अलीगढ़ में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ब्रज प्रांत का प्रांतीय अभ्यास वर्ग संपन्न

अलीगढ़।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, ब्रज प्रांत का दो दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग दिनांक 24 एवं 25 दिसंबर 2025 को श्री वार्ष्णेय मंदिर, जी.टी. रोड, अलीगढ़ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभ्यास वर्ग का शुभारंभ अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री शैलेन्द्र दुबे जी द्वारा माँ भारती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा संगठन मंत्र के सामूहिक गायन के साथ किया गया।

इस प्रांतीय अभ्यास वर्ग में कुल छह सत्रों का आयोजन किया गया। प्रथम सत्र में पदाधिकारियों का परिचय कराया गया तथा संगठन की भूमिका और उद्देश्य पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष श्री अशोक बाबू गुप्ता जी द्वारा व्रत निवेदन कराया गया। द्वितीय सत्र में गोविंद जी (विभाग प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने अपने मार्गदर्शन एवं आशीर्वचन से कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।

अगले सत्रों में जिला अध्यक्ष हरिगढ़ द्वारा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं। श्री शुभम वार्ष्णेय जी ने रोजगार सृजन आयाम पर अपने विचार प्रस्तुत किए, वहीं महिला जागरण विषय पर मातृशक्ति श्रीमती नूतन गुप्ता जी ने सारगर्भित वक्तव्य दिया। संगठन के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं विस्तार की रणनीतियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

प्रांत कार्यवाह आदरणीय श्री विजय कुमार जी ने कार्यकर्ता विषय पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। क्रियात्मक संबोधन में प्रांतीय अध्यक्ष आदरणीय श्री विष्णु अग्रवाल जी एवं प्रांतीय सचिव श्री आई.वी. कुलश्रेष्ठ जी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री लाखन सिंह जी ने अभ्यास वर्ग की भूमिका, आवश्यकता एवं उद्देश्य पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। पूर्व विभाग प्रचारक श्री कल्याण जी ने संगठन की मूल भावना, रीति-नीति एवं कार्यसंस्कृति से सभी को अवगत कराया। जिला सचिव, अलीगढ़ द्वारा उपस्थित अतिथियों का परिचय कराते हुए संगठनात्मक भूमिका पर विचार व्यक्त किए गए।

अंतिम सत्र में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आदरणीय श्री शैलेन्द्र दुबे जी ने प्रेरणाप्रद मार्गदर्शन देते हुए अभ्यास वर्ग से प्राप्त सीखों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रांत अध्यक्ष आदरणीय श्री विष्णु अग्रवाल जी ने अध्यक्षीय संबोधन के साथ धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इस प्रांतीय अभ्यास वर्ग में ब्रज प्रांत के पाँच जिलों—आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस एवं बदायूं से आए कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।

चैनल हेड : राहुल शर्मा
गुजरात प्रवासी न्यूज़

RELATED ARTICLES

Most Popular