कानपुर।
कानपुर में पुलिस आयुक्त के निर्देशन में दक्षिण जोन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एडीसीपी दक्षिण, एसीपी घाटमपुर, एसीपी नौबस्ता एवं समस्त पुलिस टीम के संयुक्त प्रयासों से कुल 68 वांछित/एनबीडब्ल्यू वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में 12 महिला आरोपी भी शामिल हैं। सभी आरोपियों का विधिवत चिकित्सीय परीक्षण कराकर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस द्वारा यह अभियान लंबित वारंटों के निष्पादन के लिए विशेष रूप से चलाया गया, जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर दबिश दी गई। इसके अलावा, जो अभियुक्त अभी भी फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें अन्य जनपदों में भी रवाना किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए वारंटियों में मारपीट, दहेज उत्पीड़न, चोरी, एनआई एक्ट तथा गैर इरादतन हत्या जैसे गंभीर मामलों में वांछित आरोपी शामिल हैं, जो लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा।
रिपोर्ट/चैनल हेड: पंकज गुप्ता
जिला – जालौन (उरई), उत्तर प्रदेश
चैनल – गुजरात प्रवासी न्यूज़, अहमदाबाद