मथुरा। गोवर्धन क्षेत्र के राधाकुंड–छठीकरा मार्ग स्थित जुल्हेड़ी गांव में बने चित्रगुप्त पीठ पर आयोजित शिवमहापुराण कथा के नौवें दिन श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग शामिल हुए।
इस दौरान कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मथुरा के पूर्व विधायक प्रदीप माथुर अपनी पत्नी प्रीति माथुर के साथ कथा स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत व्यास गद्दी का पूजन किया और पीठाधीश्वर डॉ सच्चिदानंद महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
कथा के दौरान माहौल भक्तिमय हो उठा, जब महिला श्रद्धालुओं ने भजनों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। पूरा परिसर ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
पीठाधीश्वर डॉ सच्चिदानंद महाराज ने बताया कि शिवमहापुराण कथा के ग्यारहवें दिन समापन अवसर पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस भंडारे में लगभग आधा दर्जन गांवों के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जा रहा है, जहां सभी प्रसाद ग्रहण करेंगे।
यह धार्मिक आयोजन न केवल आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश भी दे रहा है।
रिपोर्ट: प्रेम सिंह कुंतल, गुजरात प्रवासी न्यूज़, मथुरा