Home संस्था का अभियान राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, 13 फरवरी को होगा मॉप-अप राउंड

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, 13 फरवरी को होगा मॉप-अप राउंड

0
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, 13 फरवरी को होगा मॉप-अप राउंड

रिपोर्ट: चैनल हेड राहुल शर्मा

मथुरा, 10 फरवरी 2026।
जनपद मथुरा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा बल्लभ के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार 10 फरवरी से अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय-3, बाद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाकर किया गया।

जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को अल्बेंडाजोल की दवा वितरित की गई। जो बच्चे किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को आयोजित मॉप-अप राउंड में दवा खिलाई जाएगी।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों में कृमि संक्रमण की आशंका अधिक रहती है। कृमि संक्रमण के कारण कुपोषण की समस्या उत्पन्न होती है, क्योंकि पेट के कीड़े शरीर से पोषण ग्रहण कर लेते हैं। ऐसे में पौष्टिक आहार के बावजूद बच्चे कुपोषित रह सकते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत अल्बेंडाजोल की दवा अवश्य दिलाएं।

जिला सामुदायिक प्रक्रिया समन्वयक डॉ. पारुल शर्मा ने बताया कि अभियान आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और विद्यालयों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।

  • 1 से 5 वर्ष तक के पंजीकृत बच्चों,

  • 6 से 19 वर्ष तक के स्कूल न जाने वाले बच्चों,

  • ईंट-भट्टों पर कार्य करने वाले एवं घुमंतु लाभार्थियों को आंगनवाड़ी केंद्रों पर दवा दी जाएगी।
    वहीं, 6 से 19 वर्ष तक के बच्चों को सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों, मदरसों तथा किशोर गृहों में शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों के माध्यम से दवा खिलाई जाएगी।

डीसीपीएम ने बताया कि अभियान के बाद 13 फरवरी को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उन बच्चों की सूची तैयार कर दवा दी जाएगी जो मुख्य दिवस पर अनुपस्थित रहे या किसी कारणवश दवा नहीं ले सके।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मुनेश कुमार, वाइस प्रिंसिपल श्री दिनेश पटेल, अध्यापिका माधुरी, अर्बन कोऑर्डिनेटर फौजिया खानम, एमओआईसी डॉ. राकेश सिकरवार, डीपीएम संजय सिहोरिया, श्रीमती ममता, डॉ. पंकज, डॉ. अनुज, स्टाफ नर्स विश्व आलोक शेखर, सीएचओ, आशा एवं एएनएम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे सफल बनाने में सभी के सहयोग की आवश्यकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here