Home एनसीसी क्वांटम विश्वविद्यालय, रुड़की में एनसीसी वरिष्ठ स्कंध की स्थापना, 84 उत्तराखंड बटालियन ने की प्लाटून की शुरुआत

क्वांटम विश्वविद्यालय, रुड़की में एनसीसी वरिष्ठ स्कंध की स्थापना, 84 उत्तराखंड बटालियन ने की प्लाटून की शुरुआत

0
क्वांटम विश्वविद्यालय, रुड़की में एनसीसी वरिष्ठ स्कंध की स्थापना, 84 उत्तराखंड बटालियन ने की प्लाटून की शुरुआत

रुड़की, हरिद्वार (उत्तराखंड)।
84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वाधान में क्वांटम विश्वविद्यालय में चल रहे दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन विश्वविद्यालय में एनसीसी वरिष्ठ स्कंध की एक प्लाटून की औपचारिक स्थापना की गई। इस स्थापना के साथ क्वांटम विश्वविद्यालय अब 84 बटालियन के अंतर्गत एनसीसी प्राप्त करने वाला 45वां संस्थान बन गया है।

स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति एवं बटालियन के कार्यवाहक कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह ने उपस्थित कैडेट्स को एनसीसी के सिद्धांत ‘एकता और अनुशासन’ पर एक प्रेरक लघु कहानी सुनाई और कहा कि –
“अनुशासन जीवन के हर मोड़ पर सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। एनसीसी युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण बनाती है।”

उन्होंने यह भी बताया कि एनसीसी के माध्यम से क्वांटम विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को भारतीय सेना सहित अन्य सुरक्षा बलों में करियर बनाने के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट धारक कैडेट्स को एनसीसी स्पेशल एंट्री के माध्यम से सेना में विशेष प्रवेश का लाभ भी प्राप्त होगा।

कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) विवेक कुमार ने एनसीसी की स्थापना को छात्रों के लिए “सेना में जाने का सुयोग्य अवसर” बताया। उन्होंने युवाओं को भविष्य की चुनौतियों का डटकर सामना करने तथा अनुशासन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. अमित दीक्षित ने एनसीसी प्लाटून की स्थापना को संस्थान के लिए “मील का पत्थर” बताते हुए कमान अधिकारी महोदय से विश्वविद्यालय में एनसीसी सीटों की संख्या बढ़ाए जाने का आग्रह किया।

क्वांटम स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर बृजमोहन सिंह ने बटालियन के ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर रवि कपूर को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बटालियन के सूबेदार मेजर अमर सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कैडेट्स ने आगामी प्रशिक्षण गतिविधियों के प्रति उत्साह व्यक्त किया और विश्वविद्यालय परिसर में एनसीसी की नई प्लाटून की स्थापना पर सभी ने प्रसन्नता जताई।

 रिपोर्ट – डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी
गुजरात प्रवासी न्यूज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here